एक कहानी

कुत्तानुमा इंसान/ इंसाननुमा कुत्ता 


...और उस दिन कुत्तों को वोट देने का हक़ मिल गया!

जैसे ही ये खबर फूटपाथ पर बैठे एक कुत्तों के झुण्ड तक पहुँची, उन में एक नया उत्साह आ गया | ऐसा लगा जैसे जीने के नए माने मिल गए हों, वर्ना कुछ हज़ार-दस हज़ार सालों में इज्ज़त घट सी गयी थी | पहले तो सब एक से ही थे- क्या बन्दर, क्या कुत्ता, और क्या इंसान! सभी साथ रहते थे, इंसान माँस खाता, तो कुत्ता हड्डी, बन्दर कभी इस पेड़ तो कभी उस पेड़ कूदता रहता | लेकिन रहता अपनी हद में! दूसरे जानवरों से झगड़ता नहीं, अपने आप में मस्त था | अलबत्ता, सभी कुछ इस तरह से ही रहते थे | दुनिया इतनी बड़ी तो ज़रूर थी कि उनकी सभी ज़रूरतों को पूरा कर दे | खाने को सब्जी थे, फल थे, पीने को पानी था, सोने को ज़मीन थी | और सबसे ज़रूरी बात बराबरी थी, जिसकी तलाश कुछ ढाई सौ साल पहले मार्क्स नाम के एक अजीब से जंतु ने की | उसे इंसानों ने काफी हद तक नकार दिया | कुछ तो ये तक बोल पड़े की बराबरी कभी हो ही नहीं सकती! वो तो अच्छा हुआ कि मार्क्स इंसानों के बीच ही बराबरी लाना चाहता था, अगर वो जानवरों को भी अपनी फेहरिस्त में शामिल कर लेता तो जिंदा जला दिया जाता!

खैर, उस वकत भी इंसानों को रहने का ये तरीका बहुत पसंद नहीं आया था | अब क्या कुत्तों के साथ बैठ कर माँस खाना और बंदरों-लंगूरों को उछलते-कूदते देखना | इसलिए दुनिया का हिसाब बिगाड़ने में लग गया! कपड़े पहनने लगा, घर बनाने लगा | यहाँ तक तो सब ठीक था, लेकिन एक दिन उसने साफ़ -साफ़ कह दिया, "ये ज़मीन मेरी है!" बस सारा हिसाब-किताब बिगड़ गया | बन्दर को भी उसने अपने साथ मिलाना चाहा, लेकिन बन्दर ने उसे ये कह कर किनारा किया कि इंसान ने बहुत पी रखी है, जब नशा उतरेगा तो बात करेगा | आज तक बात नहीं कर पाया है|

बात यहीं खत्म नहीं हुयी | इंसान ने नशे के हालत में भगवान बना डाला | बाद में जब इंसानों के बीच ही झगड़े शुरू हो गए तो खुदा और गॉड का भी जन्म हुआ | अलबत्ता ये कहना ज़रा मुश्किल है कि पहले किसका जन्म हुआ | ज़रूरी बात ये कि उन्हें इंसान ने जन्मा | हँसी कि बात ये रही कि इंसान ने खुदा को जन्म दिया, और चिल्ला-चिल्ला कर कहता रहा कि खुदा ने उसे जन्मा है | गधापन इंसानों में बहुत था (पुराने वक्त में गधे साथ रहते होंगे शायद), तो सभी इंसान यही मान बैठे | बोले अब कौन जिरह करता रहे, चलो मान लेते हैं कि खुदा ने ही जन्मा है | जब इंसान ने लिखना सीखा तो खुदा-भगवान के नाम से किताबें भी लिखने लगा | कुछ इंसान तो ऐसे निकले कि सुबह उठते ही किसी पहाड़ पर चढ जाते और शाम में कुछ भी लिख कर ले आते | कहते "खुदा ने दिया है"- या तो खुदा खुद लिखता था, या अनपढ़ रहा होगा तो उससे लिखवाता होगा | हज़ारों साल बीत गए, अब तक उसे खुदा की जुबां समझ कर किसी सरफिरे इंसान की बात मान रहे हैं |

कुत्ते क्योंकि पुराने दोस्त थे (साथ में बैठ कर हड्डी जो खाते), उन्हें इंसानों ने पालतू बना लिया | शुरुआत के साढ़े तीन हज़ार साल तक तो कुत्तों को पता ही नहीं चला की माज़रा क्या है | वो समझते रहे कि सबकुछ ठीक चल रहा है, बस इंसान ज़रा खुद से खफ़ा -खफ़ा सा है | वक्त का मरहम लगे तो ठीक हो जाएगा | वो तो उन्हें बाद में पता चला कि ये सबसे खफ़ा है, अपने प्यारे दोस्त कुत्ते से भी! बस पुरानी आदत की वजह से साथ रह रहे हैं | कुत्तों का दिल टूट गया | 

एक वो दिन था, और एक आज का दिन था- आज कुत्तों को वोट देने का हक़ मिला था | 

किसी खुराफाती इंसान के दिमाग की उपज थी कि जम्हूरियत (माने डेमोक्रेसी) में कुत्तों को भी वोट देना चाहिए | वजह ये नहीं थी कि वो अपनी पुरानी गलती सुधारना चाहता था | वजह ये थी कि हिंदुस्तान में इलेक्शन का वक्त था | पिछले कुछ सालों में वोट मांगने के लिए मुद्दे कम से हो गए थे | यूँ कहना बेहतर होगा की हंगामा करने के वजह खत्म हो गए थे | सौ साल पहले किसी अन्ना ने वक्त काटने के लिए कुछ भ्रष्टाचार हटाने की बात कही थी | वो तो कुछ हटा नहीं, जमा रहा वहीँ जहाँ उसे रहना था- हर गली, हर नुक्कड़ पर | आदत कुछ ऐसी हो गयी थी की अब उसके बारे में कोई बात भी नहीं करता था | और जबसे संसद ने सरकारी रूप से मान्यता दी थी, भ्रष्टाचार कोई समस्या ही नहीं रहा | जब तक हुक्मरान कहते रहते थे की ये गैरसरकारी है तब तक वो सबसे बड़ा गुनाह दिखता रहा | जिस लम्हे ये कहा गया कि भ्रष्टाचार सरकारी है, जड़ से ही उखड़ गया | हुक्मरानों ने पहली दफ़ा इमानदारी दिखाई थी |

ये भूमिका इस लिए दी गयी कि आप समझ जाएँ कि हुक्मरानों के पास जब मजाक करने को ज्यादा कुछ बचा नहीं था तो कुत्तों को वोट देने का हक़ दे दिया | और इस तरीके से सत्ताधारी पार्टी ने (जो खुद एक कुत्तानुमा पार्टी थी) अपने लिए एक नया वोट बैंक तैयार कर लिया |

ये एक बहुत ही समझदारी भरा फैसला था | कुत्ते, जो हमेशा इंसानों के वफादार रहे थे, कभी इंसानों की तरह धोखा तो देते नहीं | बस हड्डी की लालच थी | लेकिन जबसे उन्हें पेडेग्री का चस्का लगा था सत्ताधारी पार्टी को "डीलिंग" ज़रा महंगी पड़ी थी | अब सिर्फ हड्डी लटकाने भर से काम नहीं चला, पेडेग्री के दो-तीन टुकड़े भी फेकने पड़े | हाँ ये अलग बात है कि उन दो-तीन टुकड़ों के लिए कुछ सौ-दो सौ कुत्ते लड़ पड़ते, कभी कभी इंसान भी लड़ पड़ते- आदत भी पुरानी थी और पेट कि भूख भी नहीं मिटी थी | 

इंसानों को ऐसा भी लगा था कि कुत्ते क्योंकि बेजुबान होते हैं, इनकी बात कोई सुनेगा नहीं | सस्ते में निपट जायेंगे और वोट भी दे देंगे | यहाँ गलती हो गयी | कुत्ते बेवकूफ थे लेकिन गधे तो बिल्कुल ही नहीं थे | वोट की बात सुन कर उनके कान खड़े हो गए | रातों रात उनका लीडर भी खड़ा हो गया, पार्टी भी बन गयी "कुत्ता कल्याण समाज (लिबरल)"| शुरुआत में जो इनका सबसे बड़ा नेता बना वो देश के गृह मंत्री का पसंदीदा कुत्ता था | गृह मंत्री साहब ने उसे अपने बच्चे की तरह पाला था, इसलिए वो अपने आप को प्राकृतिक तौर पर कुत्तों का नेता मान बैठा | कुत्तों ने भी उसको इज्ज़त दी और अपना नेता माना | आखिर उसके और गृह मंत्री साहब के अच्छे रिश्तें थे जो पूरे देश के कुत्ते वोट देने का सोच भी रहे थे | 

उधर बिहार के कुत्तों ने भी एक पार्टी बनायीं | उन्होंने एक बहुत जायज़ माँग उठाई- "भों-भों" भाषा को संवैधानिक दर्ज़ा दिया जाए | और क्योंकि बिहार से ही सर्वाधिक प्रशासनिक पदाधिकारी (माने आई.ए.एस ऑफिसर) निकलते थे तो उन्हें भी सरकारी पदों में रिज़र्वेशन दिया जाये | उनके पार्टी का नाम कुकुर पार्टी (मार्क्सिस्ट) रखा गया, बाद में इनका एक आर्म्ड विंग भी बना जिसका नाम कुकुर पार्टी (मार्क्सिस्ट-लेनेनिस्ट) हुआ | कुत्तों में आज़ादी की उम्मीद जग गयी थी | उन्हें ऐसा लगा कि ये मौका है हज़ारों साल के ज़ुल्मात के हिसाब बराबर करने का | हर गली, हर नुक्कड़ पर बात हो रही थी कि अगर उन्हें ये जायज़ हक़ मिल गया तो नतीजा क्या होगा? हर कुत्ता अपने पिल्ले को उम्मीद भरी निगाहों से देख रहा था | ऐसा लग रहा था हर नुक्कड़ पर हर घंटे पाँच आई.ए.एस पैदा हो रहे हैं | जो गलती इंसानों ने कई साल पहले की थी, कुत्ते अब करने वाले थे!

बात आगे बढ़ी | इलेक्शन नज़दीक आ रहे थे | इंसानों में एक तबका ऐसा भी था जिसे ये सब पसंद नहीं आया | उसे लगा कि ये इंसानों की ज़िंदगी के साथ खिलवाड़ है | उन्हें अपने बारे में बहुत ज्यादा ग़लतफहमी थी | रिजर्वेशन के सौदागर तो खुश हो गए थे | आखिर कब तक हिंदू-मुसलमान के बीच रिजर्वेशन का टेढ़ा-मेढा हिसाब चला कर काम चलता रहता | उन्हें भी वक्त काटने के लिए कोई नया लतीफ़ा चाहिए था | उधर कुत्ते खुश थे कि उन्हें खूब सहूलियत मिल रही है- वो भी "मुफ़्त" में | लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं था | इंसानों के एक तबके ने (जो कुत्तों से इस बात से नाराज़ चल रहा था कि वो अब इंसानों को मालिक नहीं मानते थे) एक रात कुत्तों के एक मोहल्ले में धावा बोल दिया | कुत्तों के लिए सब कुछ नया था, इंसानों के लिए पुराना | वो समझ नहीं पाए कि माज़रा क्या है | इंसान रात में अचानक से नाचने-चिल्लाने क्यों लगा? अभी शाम तक तो ठीक था, इलेक्शन के नामांकन की बात करके गया था | कुछ हड्डियों का सौदा हुआ था | लेकिन जैसे ही कुत्तों ने अपने परिवार के बच्चों की लाश देखी, उनके पैर तले ज़मीन सड़क गयी | वो बच्चे जो अभी घंटे भर पहले आई.ए.एस बनने की बात कर रहे थे, वो बच्चे जिन्हें इंसानों ने स्कूल में दाखिला दिलाने का वचन दिया था, वो बच्चे जो ठीक से भों-भों भाषा बोलना भी नहीं सीख पाए थे, वो बच्चे जो असल में बच्चे नहीं, पिल्ले थे- इंसान ने अपने मतलब के लिए उन्हें भी बच्चों की संज्ञा दी थी | कुत्ते जवाबी हमला कर नहीं पाए | कोशिश बहुत की , लेकिन इंसान के वहशीपन के सामने वो मजबूर साबित हुए | जो बच गए वो मरे हुए को देखते रह गए, जो मर गए वो आगे के वहशीपन से बच गए |

अगली सुबह अपने साथ बहुत कुछ लायी | सत्ताधारी पार्टी इस दंगे से बहुत खुश थी | अलबत्ता उसका इसमें कुछ हाथ नहीं था, लेकिन उसे पूरा यकीन हो चला था कि ये दंगा उसे इलेक्शन जीता कर जायेगा | बस उसने अपने वादों का पिटारा खोल दिया | रिज़र्वेशन, हड्डी और पेडेग्री के अलावा भी काफी कुछ दिया, जैसे उम्मीद कि उनके साथ इन्साफ नाम की कोई हरकत की जाएगी | कुछ एक कुत्ते चुन लिए गए जो अपने छेत्र का प्रतिनिधित्व इलेक्शन में करने वाले थे | इंसानों के कुछ पार्टी ने उनका समर्थन भी किया, अब कुत्तों के पास भी वोट देने का हक़ था- समर्थन तो बनता था!

कुछ दिन बीते, इलेक्शन भी बीत चला | गृह मंत्री साहब के कुत्ते की पार्टी ने कमाल कर दिया, इंसानों और कुत्तों दोनों का समर्थन लेकर सर्वाधिक सीट हासिल की | ये सत्ताधारी पार्टी ने सोचा नहीं था | उन्हें तो लगा था की कुत्ते पहली बार इलेक्शन लड़ रहे हैं तो कुछ पाँच-दस सीट निकाल लेंगे, बस! लेकिन यहाँ तो हिसाब ही उल्टा हो गया था | गृह मंत्री साहब का कुत्ता बहुत खुश था की कुत्तों के ऊपर दंगे हुए थे | उन दंगों की वजह से ही ये आश्चर्यजनक नतीजे आये थे | गृह मंत्री साहब भी पुराने खिलाड़ी थे | अपने बच्चे के साथ कुछ "डीलिंग" की और सारे समीकरण बदल दिए |

अगले दिन के अखबार ने कुछ ऐसा लिखा था, "गृह मंत्री का कुत्ता देश का नया प्रधान मंत्री"! 

गृह मंत्री साहब ने अपनी कुर्सी बचा ली थी, कुत्ता अब इंसान बन चुका था |